Geography class 12th

Class 12th Geography लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर ( 20 Marks ) PART – 3


41. कृषि कार्य को प्रभावित करने वाले दो कारकों का उल्लेख करें। (Name two factors influencing agriculture.)

उत्तर ⇒ कृषि कार्य को बहुत सारे प्राकृतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और अवसंरचना संबंधित कारक प्रभावित करते हैं। इनमें दो महत्त्वपूर्ण कारक जलवायु और भूमि की प्रकृति (मृदा की उर्वरा – शक्ति ) हैं।


42. सहकारी कृषि से आप क्या समझते हैं ? (What do you mean by co-operative farming ?)

उत्तर ⇒ जब किसानों का एक समूह अपनी स्वेच्छा से कृषि से अधिक लाभ कमाने के लिए सहकारी संस्था का गठन करता है और मिल-जुलकर आपसी सहयोग से खेती करता है, तो इस प्रकार की खेती को सहकारी कृषि कहा जाता है।


43. आधारभूत उद्योग क्या हैं? उदाहरण दें। (What is basic industry ? Give example.)

उत्तर ⇒ वे उद्योग जिनके उत्पाद को अन्य वस्तुएँ बनाने के लिए कच्चे माल के रूप में प्रयोग में लाया जाता है उन्हें आधारभूत उद्योग कहते हैं। जैसे—लोहा-इस्पात, वस्त्रोद्योग, चीनी उद्योग इत्यादि में प्रयोग में लाया जाता है। इन उद्योगों को चलाने वाली. मशीने भी लोहा-इस्पात से बनती है।


44. कुटीर उद्योग एवं लघु उद्योग में अन्तर स्पष्ट कीजिए।(Distinguish between cottage industry and small scale industry.)

उत्तर ⇒ कुटीर उद्योग या गृह उद्योग निर्माण की सबसे छोटी इकाई है। इसमें शिल्पकार स्थानीय कच्चे माल का उपयोग करते हैं एवं साधारण औजारों द्वारा परिवार के सदस्य मिलकर वस्तओं का उत्पादन करते हैं। तैयार माल का या तो वे स्वयं उपभोग करते हैं या इसे स्थानीय गाँव के बाजार में विक्रय कर देते हैं। इस उद्योग से दैनिक जीवन के उपयोग में आने वाली वस्तुओं जैसे खाद्य पदार्थ, कपड़ा, चटाइयाँ, बरतन, औजार, फर्नीचर, जूते एवं छोटी मूर्तियाँ उत्पादित की जाती हैं।
लघु उद्योग कुटीर उद्योग से भिन्न होता है। इसमें भी स्थानीय कच्चे माल का उपयोग होता है, किंतु इसका कारखाना घर से बाहर रहता है एवं अर्द्धकुशल श्रमिक तथा शक्ति के साधनों से चलने वाले यंत्रों का प्रयोग किया जाता है। रोजगार के अवसर इसमें अधिक होते हैं। भारत, चीन, इंडोनेशिया एवं ब्राजील जैसे देश अपनी जनसंख्या को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए इस प्रकार के उद्योगों में बिजली, इलेक्ट्रानिक खिलौने, मशीनों के पुर्जे, वस्त्र इत्यादि का निर्माण कर रहे हैं।


45. जल परिवहन के क्या लाभ हैं? (What are the advantages of water transport?)

उत्तर ⇒ जल परिवहन में मार्गों का निर्माण नहीं करना पड़ता है, क्योंकि सागर या महासागर एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। इसके रख-रखाव पर बहुत कम खर्च पड़ता है, केवल दोनों छोरों पर पत्तन बनाने और उनके रख-रखाव की आवश्यकता होती है। जल परिवहन की ऊर्जा लागत कम होती है। यह परिवहन बहुत सस्ता पडता है, अतः लंबी दूरी तक भारी माल को ढोने में यह बहुत लाभदायक है।


46. रोपण कृषि की किन्हीं चार फसलों के नाम लिखिए।(Name any four crops of plantation farming.)

उत्तर ⇒ रोपण कृषि की चार फसलें हैं—चाय, कॉफी, कोको और रबड़।


47. व्यापारिक समूहों के निर्माण द्वारा राष्ट्रों को क्या लाभ प्राप्त होते हैं ? (What benefits nations get by forming trading blocs ?)

उत्तर ⇒ व्यापारिक समह अपने सदस्य देशों को व्यापार में हर तरीके से लाभ पहुँचाने का प्रयत्न करते हैं। इन समूहों के देशों ने आपस में व्यापारिक समझौते कर रखे हैं, जिसका आधार भौगोलिक सामीप्य, समरूपता और पूरकता है। इसमें सदस्य राष्ट्र व्यापार शुल्क को हटा देते हैं तथा मुक्त व्यापार को बढ़ावा देते हैं। अनेक देशों के अपने व्यापारिक सदस्य देशों के साथ सरल द्विपक्षीय अनुबंध हैं। इससे अलग-अलग उत्पादों के आधार पर व्यापार बाधाओं में ढील या उनका उन्मूलन हो जाता है। ASEAN, CIS, EU, LAIA, NAFTA ऐसे ही कुछ व्यापारिक समूह हैं।


48. बहुपक्षीय व्यापार क्या है? (What is multilateral trade ?)

उत्तर ⇒ बहुपक्षीय या बहुपाश्विक व्यापार (Multilateral trade) बहुत से व्यापारिक देशों के साथ किया जाता है। एक देश अन्य अनेक देशों के साथ व्यापार कर सकता है। देश कुछ व्यापारिक साझेदारों को “सर्वाधिक अनुकूल राष्ट्र” (MFN = Most Favoured Nation) की स्थिति प्रदान कर सकता है।


49. चिकित्सा पर्यटन को परिभाषित करें। (Define medical tourism.)

उत्तर ⇒ चिकित्सा के लिए किया जाने वाला पर्यटन चिकित्सा पर्यटन कहलाता है। इस प्रकार चिकित्सा सेवा ही चिकित्सा पर्यटन है। विश्व में इस प्रकार के पर्यटन के क्षेत्र में उभरते हुए देशों में भारत का स्थान प्रथम है। यहाँ चिकित्सा उपचार अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन गतिविधि से संबद्ध हो गया है! भारत के अतिरिक्त थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया, स्विट्जरलैण्ड, आस्ट्रेलिया इत्यादि अन्य देशों में इस उद्योग का तेजी से विकास हो रहा है।


50. पर्वतों, मरुस्थलों तथा बाढ़ संभावित प्रदेशों में स्थल परिवहन की क्या-क्या समस्याएँ हैं ? (What are the problems of land transport in mountainous, desert and flood prone regions ?)

उत्तर ⇒ स्थल परिवहन के अन्तर्गत सड़क एवं रेल मार्गों के निर्माण के लिए भूमि का समतल होना उपयुक्त होता है। अधिक ढाल वाले ऊँचे-नीचे पर्वतों और बालू युक्त मरुस्थलों में सड़क और रेल मार्ग बनाना कठिन है। इसके अतिरिक्त इन क्षेत्रों में जनसंख्या भी कम पायी जाती है, जिससे उनकी उपयोगिता कम हो जाती है । बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़क और रेल मार्ग के रख-रखाव पर काफी खर्च पड़ता है, क्योंकि प्रत्येक वर्ष बाढ़ से सड़क, पुल और रेल क्षतिग्रस्त
हो जाते हैं।


51. पारमहाद्वीपीय रेलमार्ग क्या है ? (What is transcontinental railway ?)

उत्तर ⇒ पारमहाद्वीपीय रेलमार्ग पूरे महाद्वीप से गुजरते हुए इसके दोनों छोरों को जोड़ते हैं। इनका निर्माण आर्थिक और राजनीतिक कारणों से विभिन्न दिशाओं में लंबी यात्राओं की सुविधा प्रदान करने के लिए किया जाता है। पार-साइबेरियन मार्ग, पार-कैनेडियन मार्ग, आस्ट्रेलियाई पारमहाद्वीपीय रेलमार्ग इत्यादि इसके उदाहरण हैं।


52. “एक सुप्रबंधित परिवहन प्रणाली में विभिन्न विधाएँ एक-दूसरे की संपूरक होती है।” स्पष्ट कीजिए। (“In a well managed transport system, various modes complement each other.” Explain.)

उत्तर ⇒ सुप्रबंधित परिवहन प्रणाली का अर्थ है सड़क मार्ग, रेलमार्ग, जलमार्ग तथा वायुमार्ग का इस प्रकार विकास कि वे एक-दूसरे के संपूरक हो सकें। अंतर्राष्ट्रीय या अंतर्देशीय जलमार्ग जल तक ही सीमित रहता है और इससे आने-जाने वाले मालों या यात्रियों के लिए यह आवश्यक होता है कि पत्तन से देश के आंतरिक भाग तक रेल और सड़क मार्ग विकसित हों। रेलमार्ग पर्वतीय क्षेत्रों में बहुत ऊँचाई तक नहीं बन पाते हैं. अतः ऊँचाई तक जाने के लिए रेलमार्ग के के रूप में सड़क मार्ग का विकास किया जाता है। वायुमार्ग के संपूरक के रूप में हवाई अड्डा से विभिन्न भागों तक रेल या सड़क मार्ग बनाना पड़ता है।


53. भारत में 1991-2001 के दशक में जनसंख्या वृद्धि में क्षेत्रीय भिन्नता को स्पष्ट करें। (Explain regional variation in growth of population in India during 1991 2001.)

उत्तर ⇒ 1991-2001 के दशक में, भारत में जनसंख्या की वृद्धि दर में प्रादेशिक भिन्नताएँ बहुत अधिक है। सर्वाधिक वृद्धि दर 64.53% नागालैंड में थी और न्यूनतम वृद्धि दर 9.43% केरल में थी। केरल के अतिरिक्त अन्य दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु (11.72%), आंध्रप्रदेश (14.59%) और कर्नाटक (17.51%) में भी वृद्धि की दर कम थी। यही स्थिति छत्तीसगढ़ (18.27%), गोवा (15.21%), उड़ीसा (16.25%) की थी। इसके मुख्य कारण उच्च साक्षरता दर, उच्च नगरीकरण तथा अधिक आर्थिक विकास है। दूसरी ओर, जनसंख्या में अधिक वृद्धि (20 से 25%) नागालैंड के अतिरिक्त गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, पं० बंगाल इत्यादि में हुई।


54. विश्व व्यापार संगठन के आधारभूत कार्य कौन-से हैं ? (What are the basic functions of the World Trade Organization or WTO ?)

उत्तर ⇒ विश्व व्यापार संगठन एक मात्र अंतर्राष्ट्रीय संगठन है, जो राष्ट्रों के बीच वैश्विक नियमों का व्यवहार करता है। यह विश्वयापी व्यापार तंत्र के लिए नियमों को नियत करता है और इसके सदस्य देशों के मध्य विवादों का निपटारा करता है। यह दूर-संचार और बैंकिंग जैसी सेवाओं तथा अन्य विषयों जैसे बौद्धिक संपदा अधिकार के व्यापार को भी अपने कार्यों में सम्मिलित करता है। 1948 में इसे गैट, (‘GATT-General Agreement on Trade and Tariff’) के नाम से बनाया गया तथा जनवरी 1995 में इसे विश्व व्यापार संगठन (WTO) में रूपांतरित कर दिया गया। इसका मुख्यालय जेनेवा (स्विट्जरलैंड) में स्थित हैं। 2005 में 149 देश इसके सदस्य थे। भारत इसके संस्थापक सदस्य में से एक है।


55. प्राथमिक एवं द्वितीयक गतिविधियों में क्या अन्तर है? (What is difference between primary and secondary activities ?)

उत्तर ⇒ प्राथमिक क्रियाकलाप प्रत्यक्ष रूप से पर्यावरण पर निर्भर है और इसमें व्यक्ति अपनी आवश्यकता की वस्तुएँ प्रत्यक्ष रूप से भौतिक पर्यावरण से प्राप्त करता है। इसके अंतर्गत आखेट, भोजन संग्रह, पशुचारण, मछली पकड़ना, वनों से लकड़ी काटना, कृषि एवं खनन कार्य सम्मिलित किए जाते हैं। इसके विपरीत, द्वितीयक कार्यकलाप में प्रकृति में पाये जाने वाले कच्चे-माल का रूप बदलकर उसे अधिक उपयोगी और मूल्यवान बना दिया जाता है। विनिर्माण, प्रसंस्करण और निर्माण (अवसंरचना) उद्योग इसके अंतर्गत आते हैं।


56. ऋणात्मक भुगतान संतुलन का होना किसी देश के लिए क्यों हानिकारक होता है ? (Why is negative balance of payments harmful for a nation ?).

उत्तर ⇒ आयात एवं निर्यात के बीच मूल्यों में अन्तर को व्यापार संतुलन कहते हैं। यह एक देश के द्वारा अन्य देशों को आयात एवं निर्यात की गई वस्तुओं एवं सेवाओं की मात्रा का प्रलेखन करता है। यदि आयात का मूल्य देश के निर्यात मूल्य की अपेक्षा अधिक है, तो देश का व्यापार संतुलन ऋणात्मक अथवा प्रतिकूल है। इसके विपरीत स्थिति में यह धनात्मक अथवा अनुकूल होता है। किसी देश की अर्थव्यवस्था पर व्यापार संतुलन अथवा भुगतान संतुलन का व्यापक प्रभाव पड़ता है। ऋणात्मक संतुलन का अर्थ यह है कि देश वस्तुओं के क्रय पर उससे अधिक व्यय करता है जितना कि अपने सामानों के विक्रय से अर्जित करता है। इससे उसके वित्तीय भंडार समाप्त होने लगेंगे।


57. पर्यटन के कोई दो लाभों का उल्लेख करें। (Mention any two advantages of tourism.)

उत्तर ⇒ पर्यटन एक यात्रा है जो प्रमोद के उद्देश्यों से की जाती है। यह विश्व का अकेला सबसे बड़ा तृतीयक कार्य कलाप है जिससे अनेक लोगों को रोजगार मिलता है तथा देशों को राजस्व प्राप्त होता है। इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह स्थानीय व्यक्तियों को आवास, भोजन, परिवहन, मनोरंजन इत्यादि क्षेत्रों में रोजगार प्रदान करता है तथा पर्यटन अब संरचना उद्योगों को पोषित करता है। इसका दूसरा महत्त्वपूर्ण लाभ यह है कि यह लोगों को विश्व के विभिन्न क्षेत्रों, मनोहारी दृश्यों, स्मारकों, विरासत स्थलों और सांस्कृतिक गतिविधियों को देखने का अवसर प्रदान करता है।


58. फुटकर व्यापार सेवा से आप क्या समझते हैं ? (What do you mean by retail trade service ?)

उत्तर ⇒ फुटकर व्यापार (खुदरा व्यापार) सेवा वह व्यापारिक क्रियाकलाप है, जो उपभोक्ताओं को वस्तुओं के प्रत्यक्ष विक्रय से संबंधित हैं। अधिकांश फुटकर व्यापार केवल नियत प्रतिष्ठानों और भंडारों में संपन्न होता है। फेरी, रेहड़ी, ट्रक, द्वार से द्वार, डाक आदेश, दूरभाष, स्वचालित बिक्री मशीने तथा इंटरनेट फुटकर बिक्री के भंडार रहित उदाहरण हैं।


59. प्रौद्योगिकी पार्क क्या है? संक्षेप में लिखें। (What is Technology park ? write in brief.)

उत्तर ⇒ प्रौद्योगिकी पार्क को उच्च प्रौद्योगिकी पार्क या सॉफ्टवेयर पार्क भी कहा जाता है। ये सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग के केन्द्र हैं, जिनमें ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, टेलीफोन, पेजर, राडार, सैल्युलर टेलीकाम, लेजर, अंतरिक्ष उपकरण, कम्प्युटर का हार्डवेयर (यंत्र सामग्री और सॉफ्टवेयर प्रक्रिया सामग्री) इत्यादि का निर्माण होता है। ये सभी इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद हैं, अतः इस उद्योग को इलेक्ट्रॉनिक उद्योग भी कहते हैं।


60. खनिज आधारित उद्योगों से आप क्या समझते हैं ? (What do you mean by mineral based industries ?)

उत्तर ⇒ खनिज आधारित उद्योग उस उद्योग को कहते हैं जिसमें कच्चा माल के रूप में खनिजों का इस्तेमाल होता है। जैसे—लोहा-इस्पात उद्योग, सीमेंट उद्योग इत्यादि। लोहा-इस्पात उद्योग में लौह-अयस्क, कोयला, मैंगनीज, चूना-पत्थर इत्यादि का प्रयोग होता है। सीमेंट उद्योग में चूना-पत्थर का उपयोग होता है।


S.N Geography लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर ( 20 Marks )
1.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 1
2.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 2
3.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 3
4.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 4
5.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 5
6.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 6
7.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 7
8.Geography ( लघु उत्तरीय प्रश्न ) PART – 8
S.NGeography ( दीर्घ उत्तरीय प्रश्नोत्तर ) ( 15 Marks )
1.Geography ( दीर्घ उत्तरीय प्रश्न ) PART – 1
2. Geography ( दीर्घ उत्तरीय प्रश्न ) PART – 2
3. Geography ( दीर्घ उत्तरीय प्रश्न ) PART – 3
4. Geography ( दीर्घ उत्तरीय प्रश्न ) PART – 4
5. Geography ( दीर्घ उत्तरीय प्रश्न ) PART – 5

Back to top button